नई दिल्ली:विधानसभा चुनाव में धमाकेदार जीत के बाद बीजेपी ने दिल्ली मेयर चुनाव भी जीत लिया है, भाजपा ने शुक्रवार को दो साल के अंतराल के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर फिर से कब्ज़ा कर लिया। इसके साथ ही दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार हो गई है। भाजपा के उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह दिल्ली के नए मेयर चुने गए। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा चुनाव का बहिष्कार किए जाने और कांग्रेस की मामूली उपस्थिति के बावजूद भाजपा ने 142 वोटों में से 133 वोट हासिल करके आसान जीत हासिल की। सिंह के प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस उम्मीदवार मंदीप को केवल आठ वोट मिले। एक वोट अवैध घोषित किया गया।इस बार का चुनाव विशेष रूप से दिलचस्प रहा, क्योंकि सत्तारूढ़ आप ने इन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं करवाया था। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया से बहिष्कार भी कर दिया था। दोनों पदों के लिए विपक्षी दल भाजपा व कांग्रेस के पार्षदों के बीच मुकाबला था। एमसीडी सदन में भाजपा के पास 135 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के पास केवल आठ वोट हैं। आप के पास 119 वोट हैं
आप के वरिष्ठ पार्षद अंकुश नारंग, मुकेश गोयल और शैली ओबेराय ने महापौर चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की है। आप नेताओं का कहना है कि वह दिल्ली की जनता के हित में महापौर व उप महापौर चुनाव में भाग नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार हो जाएगी। अब भाजपा पूरी तरह से दिल्ली को संभाले। हमें उम्मीद है कि भाजपा दिल्ली की जनता से किए अपने सारे वादों को पूरा करेगी और कोई भी बहाना नहीं बनाएगी। आप विपक्ष की भूमिका बड़ी रचनात्मक तरीके से निभाएगी और भाजपा को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाएगी।