नई दिल्ली: आईपीएल 2025 का 12वां मुकाबला आज मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। मुंबई का सफर अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है। यह मैच मुंबई इंडियंस के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम पर खेला जाना है। हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की सीजन की शुरुआत काफी निराशाजनक रही है। उसने आईपीएल 2025 में अब तक अपने दोनों मैच गंवाए हैं।
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 34 आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें से मुंबई इंडियंस ने 23 में जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स सिर्फ 11 में ही जीत हासिल कर पाई है। हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2021 के संयुक्त अरब अमीरात चरण की शुरुआत के बाद से पिछले 6 में से 5 मैच जीते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में दोनों के बीच आखिरी भिड़ंत में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत हासिल की थी और इस मैदान पर 12 साल का सूखा खत्म किया था।मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की बात करें तो यहां आईपीएल के कुल 118 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 53 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 64 मैचों में रन चेज करते हुए टीम जीती हैं। पहली पारी का औसत स्कोर यहां 170 रन है। पेसर्स थोड़ी से हावी रहते हैं, क्योंकि काली मिट्टी की विकेट यहां बनाए जाते हैं। 71 फीसदी विकेट तेज गेंदबाजों को मिलते हैं और 29 फीसदी के करीब विकेट स्पिनरों को मिलते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुंबई और कोलकाता के बीच मुकाबला हाई स्कोरिंग होगा, क्योंकि दोनों के पास बल्लेबाजी तगड़ी है। सूर्यकुमार यादव अलग स्तर की बल्लेबाजी यहां करते रहे हैं।
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 12: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, विग्नेश पुथुर और सत्यनारायण राजू
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग 12: क्विंटन डिकॉक, वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और अंगकृष रघुवंशी।