नई दिल्ली:भारतीय सिनेमा में अपनी फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले सुपरस्टार चिरंजीवी को ब्रिटेन में मिला अवार्ड। जी हाँ सुपरस्टार चिरंजीवी ने इतिहास रचते हुए ब्रिटिश सरकार से लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड पाने वाले पहले भारतीय सेलिब्रिटी बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें यह सम्मान 19 मार्च को लंदन में यूके संसद में प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान ब्राइड इंडिया नाम के एक संगठन ने दिया है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और उनके भाई पवन कल्याण ने उन्हें बधाई दी। यह सम्मान समारोह हाउस ऑफ कॉमन्स में आयोजित हुआ, जिसमें कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के सांसद नवेंदु मिश्रा (स्टॉकपोर्ट), सोजन जोसेफ और बॉब ब्लैकमैन भी इस अवसर पर मौजूद थे।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है नाम
साउथ सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी को साल 2024 में पद्म विभूषण यानी भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, उनका नाम 537 गानों, 156 फिल्मों और 24,000 डांस स्टेप्स के लिए सबसे सफल अभिनेता-डांसर के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। इसके अलावा, उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।